रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!
खगड़िया जिले के सभी सात प्रखंडों में एक-एक मॉडल विद्यालय का शुभारंभ
भारत सरकार की राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) तथा बिहार सरकार की गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई। माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी जी द्वारा राज्य के 511 मॉडल विद्यालयों (सरस्वती विद्या निकेतन) का उद्घाटन लाइव प्रसारण के माध्यम से किया गया।
इसी क्रम में खगड़िया जिले के सभी सातों प्रखंडों में एक-एक मॉडल विद्यालय (सरस्वती विद्या निकेतन) का शुभारंभ किया गया। सभी विद्यालयों में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की उपस्थिति में लाइव प्रसारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
खगड़िया जिले में प्रारंभ किए गए मॉडल विद्यालय निम्नलिखित हैं—
अलौली – लक्ष्मी देवी उच्च विद्यालय, गंगौर घाट
खगड़िया – एस.एन. उच्च विद्यालय, रहीमपुर
मानसी – उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, छोटी बलहा
चौथम – उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, धनछुहा (बुच्चा)
गोगरी – जवाहर इंटर विद्यालय, महेशखूंट
बेलदौर – कोशी उच्च विद्यालय, पंसलवा
परबत्ता – एच.एस. इंटर विद्यालय, महद्दीपुर
इन मॉडल विद्यालयों का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है। विद्यालयों में बेहतर आधारभूत संरचना, स्मार्ट कक्षाओं, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था, खेलकूद की सुविधाओं तथा सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जा सके।
विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने हेतु साप्ताहिक परीक्षण (Weekly Assessment) के माध्यम से विद्यार्थियों के अधिगम स्तर की सतत निगरानी की जाएगी। साथ ही नियमित शैक्षणिक अनुश्रवण एवं हैंडहोल्डिंग के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक छात्र-छात्रा के सीखने के परिणामों में निरंतर सुधार सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, खगड़िया श्री विक्रम विरकर के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों में उद्घाटन कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।




