आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहिया नगर वार्ड संख्या-6 में ईंट की दीवार गिरने से एक ही परिवार के सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित लोगों ने बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे-102 को जाम कर आगजनी शुरू कर दी।
भोजपुर के बिहिया नगर वार्ड संख्या-6 में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक ईंट की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और घटना से नाराज लोगों ने बिहिया नगर के डाकबंगला चौक पर बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे-102 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर आगजनी करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे हैं। फिलहाल सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।



