सिमराही बाजार में ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

एनएच-27 किनारे स्थित दुकान से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हुए चोर, पुलिस जांच में जुटी

सुपौल :- जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार में चोरों ने एक ज्वेलरी सामग्री दुकान को निशाना बनाते हुए ढाई लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित दुकानदार ने राघोपुर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिमराही बाजार वार्ड संख्या-04 निवासी प्रिंस कुमार दास ने थाना को दिए आवेदन में बताया है कि उनकी ज्वेलरी सामग्री की दुकान एनएच-27 के किनारे स्थित है। शुक्रवार की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने दुकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखे कीमती सामान की चोरी कर ली।
दुकानदार के अनुसार चोर सोने की मंगलसूत्र, झुमकी, चांदी के आभूषण सहित अन्य ज्वेलरी सामग्री और करीब एक लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पहुंचने पर दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर दुकान में रखा सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती आभूषण व नकदी गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। वहीं पीड़ित दुकानदार ने चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Join us on: