रिपोर्ट- अरविंद कुमार!
:समस्तीपुर से इस वक्त की बड़ी खबर। जिले के मोहिउद्दीननगर थाना में तैनात डायल-112 के सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई ) बबलू कुमार प्रसाद का शव थाना भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में फंदे से लटका मिला।प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हरेक एंगल से देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पूरी घटना शनिवार सुबह मोहिउद्दीननगर थाना की है। थाना भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक खाली कमरे में डायल-112 में तैनात 50 वर्षीय एएसआई बबलू कुमार प्रसाद का शव फंदे से लटका मिला। सुबह जब साथी पुलिसकर्मियों की नजर शव पर पड़ी तो तत्काल इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही पटोरी एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी, सर्किल इंस्पेक्टर पवन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।मृतक एएसआई बबलू कुमार प्रसाद पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के रहने वाले थे। उनका परिवार बगहा में रहता है, जबकि वह समस्तीपुर में अकेले रहकर नौकरी कर रहे थे। वह पिछले करीब ढाई वर्षों से मोहिउद्दीननगर थाना में डायल-112 पर तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला कल्याणपुर थाना के डायल-112 में हुआ था, लेकिन उन्होंने अभी वहां योगदान नहीं दिया था।समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि पहली नजर में मामला डिप्रेशन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पूछताछ में यह सामने आया है कि एएसआई बबलू कुमार प्रसाद काफी शांत स्वभाव के थे और साथी पुलिसकर्मियों से भी कम बातचीत करते थे। ड्यूटी खत्म होने के बाद अधिकांश समय अपने कमरे में ही रहते थे। कुछ दिन पहले ही वह छुट्टी बिताकर अपने घर बगहा से लौटे थे। बेटे से बातचीत हुई है, लेकिन अब तक किसी पारिवारिक विवाद की पुष्टि नहीं हुई है। परिवार को सूचना दे दी गई है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। डीआईजी मनोज कुमार तिवारी भी मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। थाना के सभी पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस आत्महत्या, मानसिक तनाव और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



