रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!
सारण के दाउदपुर में शनिवार को एक हृदयविदारक रेल हादसे में लिच्छवी एक्सप्रेस की चपेट में आने से पांच वर्षीय जुड़वा भाइयों की मौत हो गई। हादसा दाउदपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिम आउटर सिग्नल के समीप हुआ। मृतकों की पहचान दाउदपुर चट्टी निवासी भुखल नट के पुत्र सूर्या कुमार और सागर कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे खेलते-खेलते रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गए थे, तभी गुजर रही लिच्छवी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



