रिपोर्ट- अरविंद कुमार!
समस्तीपुर :-डी एम ने आम जनों की समस्या सुनी और त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के दिए निर्देश
समस्तीपुर, 17 जुलाई 2026।
जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आरटीपीएस, अतिक्रमण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सड़क तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों से संबंधित अपनी समस्याएँ एवं आवेदन प्रस्तुत किए।
जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले का नियमानुसार, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में आवश्यकतानुसार स्थल निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का आकलन करें तथा पात्र लाभुकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जन संवाद कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता, संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




