बगहा- घर में घुसा भारी भरकम साँप , महिला ने दिखाई हिम्मत,पकड़कर जंगल में छोड़ा!

SHARE:

रिपोर्ट- मनोज कुमार!

बगहा के वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के विशाहा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुन्नी लाल के घर में करीब 10 फीट लंबा जहरीला किंग कोबरा निकल आया। सांप को देखते ही परिवार के लोग घर से बाहर निकल आए और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर वाल्मीकिनगर की स्नेक रेस्क्यूअर जानकी देवी, जिन्हें इलाके में ‘स्नेक लेडी’ के नाम से जाना जाता है, मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बेहद सावधानी और प्रशिक्षित तरीके से किंग कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। समय रहते रेस्क्यू होने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि बरसात और मौसम में बदलाव के दौरान जहरीले सांप अक्सर सुरक्षित ठिकाने की तलाश में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे गांवों और रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों में घबराएं नहीं और न ही स्वयं सांप पकड़ने का प्रयास करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को दें।

दरसल, किंग कोबरा दुनिया के सबसे विषैले सांपों में से एक है। इसका न्यूरोटॉक्सिक विष बेहद घातक होता है, इसलिए इसके काटने पर बिना देर किए चिकित्सकीय उपचार कराना जरूरी है।

बता दें कि वाल्मीकिनगर की रहने वाली जानकी देवी अब तक हजारों जहरीले सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर चुकी हैं। उन्होंने 12 वर्ष की उम्र से यह कार्य शुरू किया था और कई बार रेस्क्यू के दौरान स्वयं भी सांप के काटने का सामना कर चुकी हैं। इसके बावजूद वह लगातार लोगों की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण के लिए सक्रिय हैं।

Join us on:

और पढ़ें