रिपोर्ट – मनोज कुमार!
खबर पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां पंडई नदी में नहाने के दौरान 15 वर्षीय किशोर डूबा, एसडीआरएफ और गोताखोरों का सर्च अभियान जारी
नरकटियागंज। पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज स्थित शिकारपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को पंडई नदी में नहाने के दौरान 15 वर्षीय किशोर के डूब जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण नदी में तेज बहाव के बीच यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को आधा दर्जन बच्चे पंडई नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान दो बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़े और सूझबूझ का परिचय देते हुए मच्छरदानी की मदद से एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं जुल्फकार अंसारी का 15 वर्षीय पुत्र रेहान तेज धारा में बह गया और लापता हो गया।
घटना की सूचना पर शिकारपुर थाना पुलिस, अंचल प्रशासन और राजस्व अधिकारी अशोक कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम नदी में लगातार सर्च अभियान चला रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका था।
स्थानीय लोगों के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण पंडई नदी सहित अन्य नदियां उफान पर हैं और जलस्तर तेजी से बढ़ा है। प्रशासन ने लोगों से उफनाई नदियों में स्नान नहीं करने तथा बच्चों को नदी के किनारे नहीं जाने देने की अपील की है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल है और लोग किशोर के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं।



