रिपोर्ट- अभिषेक कुमार!
गौतम यादव हत्याकांड: आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने निकाला कैंडल मार्च, कार्रवाई नहीं होने पर सीएम का घेराव करने की चेतावनी
गया जिले के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र में गौतम यादव हत्याकांड को लेकर मंगलवार को परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश एक बार फिर सड़क पर दिखाई दिया। हत्या के मामले में हिरासत में लिए गए चार नामजद आरोपितों को पूछताछ के बाद छोड़ दिए जाने के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने विशुनगंज बाजार से गोपालपुर तक कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
मृतक गौतम कुमार मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट के समीप स्थित गोपालपुर गांव निवासी राजकुमार यादव के पुत्र थे। परिजनों का आरोप है कि हत्या के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपितों को पैसे लेकर छोड़ा गया है। हालांकि एसपी सिटी ने इन आरोप को बेबुनियाद बताया है
प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने बताया कि एसपी ने उन्हें चार दिनों के भीतर सभी आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। उनका कहना है कि यदि तय समय के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वे मुख्यमंत्री का घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
उल्लेखनीय है कि 10 जुलाई की रात गौतम यादव पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल गौतम को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस मामले को सूद पर पैसे के लेनदेन से जुड़े विवाद से जोड़कर देख रही है।
बाईट – प्रकाश कुमार मुखिया प्रतिनिधि
बाईट- गौतम के चाचा
रिपोर्ट- अभिषेक कुमार
गयाजी



