आरा स्टेशन पर ‘लाल गाड़ी’ का सघन टिकट जांच अभियान, 678 बेटिकट व अनियमित यात्री पकड़े गए!

SHARE:

रिपोर्ट- आशुतोष पांडेय


आरा, 14 जुलाई। पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल द्वारा मंगलवार को आरा रेलवे स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर के निर्देशन में वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन “लाल गाड़ी” के साथ सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पटना–पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड से गुजरने वाली लगभग सभी ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव देकर यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान 678 बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में 3 लाख 89 हजार 35 रुपये की वसूली कर रेलवे राजस्व में जमा कराया गया।
रेल अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करना तथा रेलवे के राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अभियान के बाद पटना–पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ी, जिससे स्पष्ट है कि टिकट जांच अभियान का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट अथवा अधिकृत यात्रा प्राधिकार के साथ ही रेल यात्रा करें, ताकि कार्रवाई और जुर्माने से बचा जा सके।

Join us on: