रिपोर्ट- मनोज कुमार!
खबर पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां श्रीराम होटल में पुलिस की छापेमारी, युवक व महिला हिरासत में; जांच शुरू
नरकटियागंज। नगर के श्रीराम होटल में मंगलवार को शिकारपुर थाना पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक और एक महिला को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई एक महिला की शिकायत के आधार पर की गई, जिसने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका पति दूसरी महिला के साथ होटल में ठहरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
बताया जाता है कि शिकायतकर्ता महिला अपने पति का पीछा करते हुए श्रीराम होटल तक पहुंची और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने होटल पहुंचकर रेयाज अंसारी और उसके साथ मौजूद महिला को हिरासत में लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।
शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। होटल संचालक को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि होटल में ठहरने से संबंधित नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रीराम होटल का नाम पहले भी इस तरह के मामलों में सामने आ चुका है। कुछ समय पूर्व भी पुलिस ने यहां छापेमारी कर एक महिला और पुरुष को हिरासत में लिया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से होटल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नगर के सभी होटलों में समय-समय पर जांच अभियान चलाया जाएगा। यदि किसी होटल में नियमों के उल्लंघन या अन्य अनियमितताओं की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।




