कटिहार – पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क का खुलासा ,केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में कथित पाक प्रेमी गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!

व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए भारत विरोधी गतिविधियों के लिए लोगों को जोड़ने का आरोप, कोर्ट में पेशी के बाद भेजा गया जेल पूरे नेटवर्क की जांच तेज
बिहार के कटिहार जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से कथित रूप से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अहद के रूप में हुई है, जो कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। कार्रवाई में कटिहार पुलिस के साथ देश की कई प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
प्राथमिक जांच में आरोप है कि मोहम्मद अहद पाकिस्तान में सक्रिय गैंगस्टर राणा हुनेन उर्फ राणा हुसैन के संपर्क में था। जांच एजेंसियों के अनुसार, राणा हुसैन का संबंध पाकिस्तानी आतंकी संगठन शहजाद भट्टी के नेटवर्क से बताया जा रहा है, जो भारत विरोधी गतिविधियों के लिए युवाओं को जोड़ने और साजिश रचने का प्रयास करता है।
जांच में यह भी आरोप है कि मोहम्मद अहद इस नेटवर्क के लिए लोकल लाइनर (स्थानीय सहयोगी) की भूमिका निभा रहा था। वह कथित तौर पर व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारत विरोधी विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर लोगों को जोड़ने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियां उसके डिजिटल नेटवर्क, संपर्कों और गतिविधियों की गहन जांच में जुटी हैं।
गिरफ्तारी के बाद मोहम्मद अहद को कड़ी सुरक्षा के बीच कटिहार व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जांच एजेंसियां अब उसके मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य संदिग्ध संपर्कों की जांच कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।

कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कोढ़ा पुलिस अनुमंडल के डीएसपी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले के कई पहलुओं पर जांच जारी है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नोट: यह खबर पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों और प्रारंभिक जांच पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया एवं जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।

Join us on: