रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- नेपाल के तराई क्षेत्र एवं कोशी नदी के जलग्रहण इलाकों में हो रही बारिश के बीच नेपाल सीमा के वीरपुर स्थित कोशी बराज से पानी के डिस्चार्ज में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। रविवार 12 जुलाई की शाम 6 बजे कोशी बराज से कुल 1,36,200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
जल संसाधन विभाग वीरपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम 6 बजे कोशी बराज का डाउन स्ट्रीम डिस्चार्ज- 1,33,600 क्यूसेक दर्ज किया गया। वहीं ईस्ट कोसी मेन कैनाल में पानी का बहाव शून्य रहा, जबकि वेस्ट कोशी मेन कैनाल में 2,600 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस तरह बराज से कुल जलस्राव 1,36,200 क्यूसेक (राइजिंग) दर्ज किया गया है।
12 जुलाई 2026 को शाम 6 बजे नेपाल के बराह क्षेत्र में 90,800 क्यूसेक पानी का बहाव दर्ज किया गया।
कोशी नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटबंध के अंदर और नदी किनारे बसे लोगों में चिंता बढ़ने लगी है। हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। जल संसाधन विभाग के अधिकारी लगातार कोशी बराज और तटबंधों की निगरानी कर रहे हैं।
लगातार बढ़ रहे जलस्राव के कारण बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों की नजर अब कोशी के जलस्तर पर टिकी हुई है।



