विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर बेगूसराय जिले में ‘जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा’ का विधिवत शुभारंभ!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को बेगूसराय जिले में ‘जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। 11 से 31 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करना, सीमित परिवार के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना है। इस अवसर पर सदर अस्पताल परिसर में उद्घाटन समारोह के साथ परिवार नियोजन मेले का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सदर अस्पताल से एएनएम कॉलेज की छात्राओं द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। छात्राओं ने बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से “छोटा परिवार–सुखी परिवार” का संदेश देते हुए मुख्य बाजार क्षेत्र का भ्रमण किया और लोगों को परिवार नियोजन अपनाने के लिए प्रेरित किया। रैली के उपरांत सदर अस्पताल परिसर में आयोजित परिवार नियोजन मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने फीता काटकर किया।

मेले में परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी देने के साथ-साथ उनका निःशुल्क वितरण भी किया गया। स्थायी साधनों के अंतर्गत महिला नसबंदी (मिनीलैप एवं लैप्रोस्कोपी) तथा पुरुष नसबंदी (एनएसवी) की सुविधाओं की जानकारी दी गई, जबकि अस्थायी साधनों में गर्भनिरोधक गोलियां (माला-एन), कंडोम, कॉपर-टी (आईयूसीडी) तथा अंतरा इंजेक्शन उपलब्ध कराए गए। स्वास्थ्यकर्मियों ने दंपतियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपयुक्त साधनों के चयन एवं सुरक्षित उपयोग के संबंध में परामर्श भी दिया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के प्रति जागरूकता आज समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन अपनाने से न केवल परिवार का बेहतर भविष्य सुनिश्चित होता है, बल्कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में भी कमी आती है। उन्होंने अधिक से अधिक दंपतियों से अपनी आवश्यकता के अनुसार परिवार नियोजन के सुरक्षित साधनों को अपनाने की अपील की।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि परिवार नियोजन मेले के माध्यम से ऐसे दंपतियों को परामर्श दिया जा रहा है जो संकोच या भ्रांतियों के कारण इन सेवाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में प्रशिक्षित चिकित्सकों की टीम सभी प्रकार की शंकाओं का समाधान कर रही है।

जिला स्वास्थ्य प्रबंधक नसीम रजी ने बताया कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आगामी 20 दिनों तक विशेष शिविर आयोजित कर परिवार नियोजन सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवार नियोजन साधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी इन सेवाओं से वंचित न रहे।

जिला सामुदायिक समन्वयक ऋषिकेश कुमार ने बताया कि आशा एवं एएनएम कार्यकर्ता घर-घर जाकर योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी दे रही हैं। साथ ही सामुदायिक स्तर पर बैठकें आयोजित कर लोगों को वैज्ञानिक एवं सुरक्षित उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में अस्पताल अधीक्षक डॉ. अखिलेश कुमार सिंह, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. गोपाल मिश्रा, जिला स्वास्थ्य प्रबंधक नसीम रजी, जिला सामुदायिक समन्वयक ऋषिकेश कुमार, अस्पताल प्रबंधक पंकज कुमार, डॉ. रतीश रमन, डॉ. सोना कुमार, डॉ. नीलकमल, डॉ. राहुल कुमार, पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि दीपक मिश्रा एवं खुशबू कुमारी, परिवार नियोजन काउंसलर राज कुमार सिन्हा, जिला समन्वयक (हेपेटाइटिस) राहुल श्री सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी एवं आम नागरिक उपस्थित थे।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित यह जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा 31 जुलाई तक जिले के सभी प्रखंडों एवं सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों, शिविरों तथा परामर्श कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

Join us on: