जीरो टालरेंस पर काम करें सभी थाना, आमजन को मिले सहज पुलिसिंग-शुभम धाकड़,ग्रामीण एसपी!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के झंझारपुर का ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम धाकड़ अपने पदस्थापना के बाद पहली बार झंझारपुर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुबोध कुमार सिन्हा के कार्यालय कक्ष में बैठक कर झंझारपुर अनुमंडल की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बाद में उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उन्हें बेनीपट्टी, जयनगर, झंझारपुर और फुलपरास अनुमंडल का अतिरिक्त प्रभार मिला है। इसी के तहत वे चारों अनुमंडल की भौगोलिक संरचना और पुलिसिंग व्यवस्था को समझने के लिए क्षेत्र भ्रमण पर निकले हैं। उन्होंने कहा, एसपी के दिशा-निर्देश में हम सभी को मुस्तैदी से काम करना है। मेरी पहली प्राथमिकता अपराध पर नियंत्रण और आम लोगों को सहज व त्वरित पुलिसिंग उपलब्ध कराना है। ग्रामीण एसपी ने झंझारपुर अनुमंडल के सभी पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अपराध के प्रति जीरो टालरेंस की नीति अपनाई जाए। उन्होंने थानाध्यक्षों से लंबित कांडों के निष्पादन, गश्त बढ़ाने और नदियों से घिरे सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है।
एसडीपीओ सुबोध कुमार सिंहा से उन्होंने अनुमंडल के सभी थानों की स्थिति, अपराध ग्राफ और पुलिस बल की उपलब्धता की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान झंझारपुर के नदी तटीय क्षेत्रों में होने वाली घटनाओं पर भी विशेष चर्चा हुई। ग्रामीण एसपी करीब आधा घंटा झंझारपुर में रुके। इस दौरान उनके साथ एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा और झंझारपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह भी मौजूद थे। बैठक के बाद वे अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए। ग्रामीण एसपी ने कहा कि उनका यह दौरा आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि जमीनी हकीकत को समझकर पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

Join us on: