रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!
जिलाधिकारी, खगड़िया श्री विक्रम विरकर द्वारा आज जिले में पर्यटन विकास से संबंधित प्रस्तावित एवं संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु क्षेत्र भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को पर्यटन स्थलों का समग्र एवं योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने चौथम प्रखंड अंतर्गत अवस्थित प्रसिद्ध माँ कात्यायनी मंदिर परिसर का निरीक्षण कर पर्यटन की दृष्टि से प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मंदिर परिसर में पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं के विकास, सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, आवागमन की सुविधा तथा अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान प्रभारी पदाधिकारी श्री प्रवीण कुमार उपस्थित रहे तथा प्रस्तावित कार्यों की अद्यतन स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
तत्पश्चात जिलाधिकारी ने कसरैया धार का निरीक्षण कर इसे एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थल की भौगोलिक एवं प्राकृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विकास की कार्ययोजना तैयार करने तथा आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाओं के विकास के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों का सुनियोजित विकास न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रस्तावित योजनाओं को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।



