रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव: दुकान में घुसकर पिता के सामने प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली
मुजफ्फरपुर: जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। ताजा मामला जिले के पानापुर करियात थाना क्षेत्र का है, जहां शेरूकाही चौक पर अपराधियों ने एक हार्डवेयर व्यवसायी सह प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाया। अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए दुकान के भीतर घुसकर व्यवसायी को उसके बुजुर्ग पिता के सामने ही गोली मार दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, घायल व्यवसायी की पहचान मुन्ना ठाकुर के रूप में हुई है। मुन्ना शेरूकाही चौक पर अपनी हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। घटना के समय वह अपने पिता महेश ठाकुर के साथ दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक आए दो हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली सीधे मुन्ना ठाकुर के हाथ में जा लगी, जिससे वह लहुलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यवसायी को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इलाज कर रहे डॉक्टर अमितांशु प्रांजल ने पुष्टि की है कि गोली मुन्ना ठाकुर के हाथ में लगी है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पानापुर करियात थाने की पुलिस और डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं। मामले की जांच के दौरान डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि दो अपराधियों द्वारा दुकान में घुसकर गोलीबारी की गई है। प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला जमीन के विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वारदात को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों का जब पीछा करने की कोशिश की गई, तो खुद को घिरता देख अपराधी पास के एक लीची के बगीचे की तरफ भागे। इस दौरान उन्होंने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड हवाई फायरिंग की और बड़े आराम से मौके से भाग निकले।
ग्रामीणों के अनुसार, मुन्ना ठाकुर हार्डवेयर व्यवसाय के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। हाल ही में उन्होंने कुछ जमीनों की बड़ी डील की थी, जिसके बाद से जमीन का विवाद चल रहा था। आशंका है कि इसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस सूत्रों का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की विशेष टीम अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।



