रिपोर्ट – मनोज कुमार!
– खबर पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां मझौलिया में 59 लाख की सनसनीखेज चोरी, नकदी व जेवरात लेकर फरार हुए चोर
बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। महोदीपुर पंचायत के वार्ड संख्या-15 स्थित कृष्ण किशोर सिंह के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 59 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर में रखे लगभग 9 लाख रुपये नकद और करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बुधवार सुबह जब परिवार के सदस्य नींद से जागे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारी का ताला टूटा पाया गया। जांच करने पर नकदी और कीमती आभूषण गायब मिले। इसके बाद परिजनों ने तत्काल मझौलिया थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
चोरी की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल विशेषज्ञों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ-01 अजीत कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान का प्रयास तेज कर दिया गया है। पुलिस ने जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।



