रिपोर्ट – पंकज कुमार!
जहानाबाद में एक युवक को अपनी प्रेमिका से मिलने आना भारी पड़ गया दरअसल शहर के फिदा हुसैन रोड में गुरुवार को एक युवक को अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए बुर्का पहनकर पहुंचना महंगा पड़ गया। लोगों को उसके हाव-भाव और चलने के तरीके पर संदेह हुआ तो उसे रोककर पूछताछ की गई। जब बुर्का हटाया गया तो महिला के बजाय युवक निकला। इसके बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और डायल 112 को सूचना देकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक शेख आलम चक की ओर से बुर्का पहनकर फिदा हुसैन रोड की तरफ जा रहा था। उसके चलने के तरीके और गतिविधियां लोगों को असामान्य लगीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे रोक लिया। पूछताछ के दौरान जब उसकी पहचान सामने आई तो वहां भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाना ले गई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम किशोर राठौड़ बताया है। उसने स्वयं को पश्चिम बंगाल के उत्तर परगना जिले का निवासी बता रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। सदर थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस यह भी सत्यापित कर रही है कि युवक ने अपना जो नाम और पता बताया है, वह सही है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके बुर्का पहनकर आने के पीछे केवल प्रेमिका से मिलने का उद्देश्य था या कोई अन्य कारण भी था। वहीं पकड़े गए युवक ने बताया कि वही बात किसी लड़की से फोन पर बात करता था और उससे मिलने के लिए यहां आया हुआ था, वहीं घटना के बाद पूरे शहर में इसकी चर्चा तेज हो गई है। बुर्का पहनकर युवक के आने और लोगों द्वारा उसे पकड़ लिए जाने की खबर तेजी से फैल गई। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी ।



