रिपोर्ट :- संतोष चौहान, सुपौल
सुपौल :- भाकपा माले के केंद्रीय कमिटी सदस्य सह अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रेमसिंह गहलावत एवं भाकपा माले राज्य कमिटी सदस्य सह ऐक्टू के राज्य महासचिव आर एन ठाकुर के निधन पर बुधवार को सुपौल जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता भाकपा माले के जिला सचिव जयनारायण यादव ने की।
सबसे पहले दिवंगत नेताओं के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला सचिव जयनारायण यादव ने कहा कि प्रेमसिंह गहलावत और आर एन ठाकुर भाकपा माले की पहली पीढ़ी के नेताओं में शामिल थे। उन्होंने 1967 के नक्सलबाड़ी आंदोलन के विचारों से प्रेरित होकर अपना व्यक्तिगत जीवन और करियर छोड़कर गरीबों, दलितों, मजदूरों और किसानों को संगठित करने का काम किया। उन्होंने अपना पूरा जीवन मेहनतकश जनता के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब देश में लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले हो रहे हैं, ऐसे दौर में दोनों नेताओं का निधन वाम जनवादी आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है। उनके विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि सभा के बाद भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से समाहरणालय तक प्रतिरोध मार्च निकाला। यह मार्च बिहार में मॉब लिंचिंग, बुलडोजर कार्रवाई, एनकाउंटर, पुलिस राज, राज्य मार्गों एवं ग्रामीण क्षेत्रों पर कथित मनमाने टैक्स लगाने के विरोध में निकाला गया। साथ ही पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने, एनटीए को रद्द करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में तय मानकों के अनुसार डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग की गई।
समाहरणालय गेट पर पहुंचकर मार्च सभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता ऐक्टू सह अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने की।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले नेता अनिल कुमार ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद बिहार में मॉब लिंचिंग, एनकाउंटर, बुलडोजर और पुलिस राज बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है और विरोध करने वालों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाकपा माले गरीब, मजदूर और किसानों को संगठित कर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।
भाकपा माले जिला कार्यालय सचिव सह ऐक्टू जिला सचिव अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने पेपर लीक मामलों को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि एनटीए को समाप्त किया जाना चाहिए और सरकार को जनता पर लगाए जा रहे कथित अतिरिक्त आर्थिक बोझ वाले फैसलों को वापस लेना चाहिए।
सभा को अखिल भारतीय किसान महासभा के जिलाध्यक्ष अच्छेलाल मेहता, खेग्रामस जिला सचिव जन्मजय राय, छातापुर प्रखंड सचिव नवल किशोर मेहता, इनौस जिला संयोजक अमित चौधरी, अधिवक्ता सत्यनारायण मुखिया सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
मौके पर दुर्गी सरदार, सत्यनारायण यादव, संतोष कुमार, यशोदा देवी, दिगम्बर शर्मा, तेतरी देवी, शिवशंकर सदा, उपेंद्र सादा, लक्ष्मण सादा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।




