पत्नी की जहर देकर हत्या के आरोप में जाले BDO गिरफ्तार, प्रेमिका महिला दारोगा की गिरफ्तारी को छापेमारी जारी!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!

पत्नी की हत्या में बीडीओ गिरफ्तार
पत्नी को जहर देकर हत्या करने का आरोपी जाले बीडीओ गिरफ्तार..नेपाल भागने की फिराक में था.. महिला दरोगा से था अवैध संबंध.. गर्ल फ्रेंड की गिरफ्तारी को सीतामढ़ी में छापा.. ससुराल वालों पर 10 लाख रुपए दहेज मांगने का आरोप

मुजफ्फरपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जाले के BDO मनोज कुमार को अपनी पत्नी अमृता की जहर देकर हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया । दरभंगा के जाले प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) मनोज कुमार को मिठनपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था। मामले में उसकी कथित प्रेमिका की गिरफ्तारी के लिए सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र में छापेमारी की जा रही है।
अमृता कुमारी की 3 जुलाई को मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित कन्हौली आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि मनोज कुमार और उसके परिजनों ने 10 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर अमृता को लगातार प्रताड़ित किया और दूसरी महिला (दरोगा)से कथित संबंध का विरोध करने पर उसे जहर देकर मार डाला।
मृतका के भाई ने पति, सास-ससुर, देवर और ननद समेत अन्य के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। परिवार का आरोप है कि जनवरी में भी अमृता के साथ मारपीट की गई थी, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक कथित सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें अमृता को घसीटकर गाड़ी में बैठाते हुए कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपी BDO को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद उसका मोबाइल फोन बंद था और उसने खुद को पटना में ट्रेनिंग पर होने की बात कही थी, लेकिन जांच में यह दावा सही नहीं पाया गया। पुलिस को सबूत मिटाने की कोशिश की भी आशंका है।
वहीं, पूछताछ में आरोपी मनोज कुमार ने दावा किया है कि उसकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की थी। हालांकि पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है। डीआईयू और टेक्निकल सेल की टीम आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है।अमृता के शादी 9 दिसंबर 2022 को मनोज कुमार के साथ हुई थी
मृतका के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मनोज कुमार का एक महिला दरोगा के साथ कथित प्रेम संबंध था। इसी वजह से अमृता को प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस ने इस पहलू को भी जांच में शामिल किया है। कथित प्रेमिका की तलाश में सीतामढ़ी में छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Join us on: