आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर के आरा में कथित तौर पर सुई लगाने के बाद एक महिला की मौत से हड़कंप मच गया है। परिजनों ने एक झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
मामला आरा शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलघाट गांव का है। मृतका की पहचान राजन प्रसाद की 30 वर्षीय पत्नी फूलकुमारी देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, फूलकुमारी देवी के पैर में दर्द था और सोमवार की शाम करीब 8 बजे वह धोबहा स्थित एक निजी क्लिनिक में इलाज कराने पहुंची थीं। आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टर ने उन्हें एक सुई लगाई और दो दिन बाद दर्द की स्थिति बताने की बात कही। लेकिन सुई लगने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
मृतका के बेटे अनुज कुमार ने आरोप लगाया है कि उसकी मां की मौत डॉक्टर द्वारा दी गई सुई के कारण हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं परिजन दोषी डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



