रिपोर्ट – संतोष तिवारी
मुजफ्फरपुर: आज जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्र बंदरा प्रखंड के रामपुरदयाल और बड़गांव पंचायत में ‘अर्थसूत्र संवाद’ नामक वित्तीय साक्षरता एवं साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह देशव्यापी कार्यक्रम भारत के ग्रामीण और कम बैंकिंग सुविधा वाले क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को आगे बढ़ाने का उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस अवसर पर रामपुर दयाल पंचायत के इंटर स्तरीय सर्वोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,पियर में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि , पुलिस सब इंस्पेक्टर श्रीमती निवेदिता ने साइबर फ्राड की बढ़ती घटनाओं के प्रति सचेत करते हुए कहा कि इन दिनों साइबर फ्रॉड की घटनाएं बढ़ गई है। ऐसे में सावधानी ही एकमात्र उपाय है, जिसके जरिए इस तरह के फ्रॉड से बचा जा सकता है। उन्होंने ये भी कहा कि किसी के साथ बैंक खाते की जुड़ी जानकारी नहीं शेयर करें। साथ ही अंजान मैसेज को फॉलो नहीं करना है और फर्जी लिंक्स पर बिलकुल क्लिक नहीं करना है।
‘अर्थसूत्र संवाद’ भारतीय रिजर्व बैंक की वित्तीय साक्षरता और जागरूकता बढ़ाने की पहल के तहत संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य वित्तीय अनुशासन, ऑनलाइन धोखाधड़ी और धन प्रबंधन की अच्छी आदतों के बारे में जागरूकता फैलाना है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए इंटर स्तरीय सर्वोदय विद्यालय ,पियर के प्राचार्य कैलाशचंद्र ने कहा कि धोखाधड़ी करने वाले आपको लालच देते हैं। रातोंरात राशि दोगुनी होने का भरोसा दिलाते हैं, लेकिन आपको ऐसे लालच में नहीं आना है। अपने धन की रक्षा के लिए बैंकिंग सबसे सुरक्षित स्थान है। बैंक जाएं और खाते को सुरक्षित तरीके से संचालित करें। किसी एसएमएस पर भरोसा न करें। वरिष्ठ पत्रकार और लेखक ब्रह्मानन्द ठाकुर ने कहा कि दुनिया में पैसे कमाने का कोई शॉर्ट कट रास्ता नहीं है। इसलिए किसी भी तरह के प्रलोभन से बचें एवं पैसे की बचत की आदत डालें, जिससे भविष्य को बेहतर बनाया जा सके। बजाज फाइनेंस के इस जागरुकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए जनता दल यूनाइटेड के प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार कुशवाहा ने कहा कि इस तरह के जागरकता अभियान का व्यापक असर होगा और लोगों को अपने पैसों का बेहतर प्रबंधन करने एवं मेहनत से कमाए गए धन को फ्रॉड से बचाने हेतु उचित मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
बड़गांव पंचायत के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम में प्राचार्य अकबर अंसारी, पूर्व मुखिया नीतेश कुमार, कलाकार ललन कुमार तरुण , समेत अन्य लोगों ने साइबर फ्राड से बचने के उपायों की जानकारी दी।इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, ग्रामीण एवं बजाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत में , प्राचार्य समेत सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।




