:- रवि शंकर अमित!
बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत हाथीदह थाना क्षेत्र में पुलिस ने तालाब में जहर डालकर मछली चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसडीपीओ-1 रामकृष्ण के निर्देश पर हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित छापामारी टीम ने स्टेशन के पास स्थित एक तालाब से चोरी करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह गिरोह काफी समय से अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों और क्षेत्र से सटे नालंदा जिला में सक्रिय था। ये लोग रात के अंधेरे में तालाबों में जहर डाल देते थे, जिससे मछलियां पानी के ऊपर तैरने लगती थीं। इसके बाद आरोपी मात्र 30 से 45 मिनट के भीतर जितनी मछलियां हाथ लगतीं, उन्हें समेटकर टेम्पो से भाग निकलते थे। इनके इस कृत्य से तालाब की बाकी बची सारी मछलियां तालाब में ही मर जाती, जिसके कारण स्थानीय लोगों और तालाब मालिकों के बीच असंतोष की स्थिति पैदा होती थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक हरे रंग का टेम्पो (नंबर BR-01R-3139), बाल्टी और प्लास्टिक के बोरों में रखी 25 किलोग्राम जहर से मारी गई मछली बरामद की है। इसके साथ ही मौके से मछलियों को मारने के लिए इस्तेमाल होने वाले जहरीले रासायनिक पदार्थ ‘Danitol Fenpropathrin 10% EC’ की एक-एक लीटर की दो बोतलें भी जब्त की गई हैं। पकड़े गए आरोपियों में पांच बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान मुकेश सहनी (पिता राजेन्द्र सहनी), चंदन कुमार, सोनू कुमार, सूरज सहनी (तीनों के पिता विनोद सहनी) और पिंटू सहनी (पिता लगन सहनी) के रूप में हुई है। वहीं छठा आरोपी नितिश कुमार (पिता विजेन्द्र साह) अथमलगोला थाना क्षेत्र के नयाटोला सबनिमा का निवासी है। पुलिस ने सभी नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाइट – रामकृष्ण, एसडीपीओ 1




