कटिहार-खेत में युवक की हत्या, शव छुपाने की कोशिश, फॉरेंसिक टीम जांच।

SHARE:

रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!

कटिहार – पोठिया थाना क्षेत्र के मलहरिया पंचायत के कठोटिया बहियार में अहले सुबह एक युवक की हत्या कर शव को छुपाने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया ।
मृतक की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के मलहरिया पंचायत वार्ड संख्या-2 निवासी मिथुन कुमार (26 वर्ष), पिता अर्जुन मंडल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मिथुन कुमार बुधवार की शाम अपने खेत में लगी पटवा फसल में पानी पटाने के लिए घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसका शव खेत के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों का आरोप है कि अज्ञात अपराधियों ने उसकी हत्या कर शव को छुपाने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार, अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार, एसआई अंकित कुमार सहित पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार से फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिए है।
इधर, कोढा सर्किल के एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की बारीकी से जांच की। उन्होंने मृतक के परिजनों से बातचीत कर विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
मृतक अपने पीछे पत्नी पिंकी देवी, पुत्र ऋषभ कुमार तथा परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ गया है। बताया जाता है कि वह लीज पर करीब दो बीघा जमीन लेकर खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है तथा हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। वहीं मृतक के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Join us on: