नामांकन तिथि बढ़ाने व लॉ डीन की नियुक्ति की मांग को लेकर आइसा ने सौंपा ज्ञापन!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!

आरा। छात्र संगठन आइसा के जिलाध्यक्ष विकास कुमार एवं जिला उपाध्यक्ष अनूप कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के अध्यक्ष छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) को विभिन्न छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में विश्वविद्यालय के अंतर्गत सभी अंगीभूत कॉलेजों में स्नातक सत्र 2026-30 के नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की गई। आइसा नेताओं ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा समर्थ पोर्टल के माध्यम से नामांकन प्रक्रिया संचालित की जा रही है। प्रथम मेगा सूची 30 जून 2026 को जारी की गई, जबकि चयनित छात्रों को नामांकन के लिए केवल 2 जुलाई 2026 तक का समय दिया गया है।
आइसा ने आरोप लगाया कि समर्थ पोर्टल पर तकनीकी खामियों के कारण कई छात्रों को ईमेल पर ऑफर लेटर प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं, जिन छात्रों के पोर्टल पर ऑफर लेटर प्रदर्शित हो रहे हैं, वे भी डाउनलोड नहीं हो पा रहे हैं। इससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को नामांकन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने इन तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने तथा नामांकन प्रक्रिया को सरल एवं छात्रहित में बनाने की मांग की।
इसके अलावा आइसा ने विश्वविद्यालय के कुलपति के सहायक को अलग से ज्ञापन सौंपकर लॉ संकाय के लिए डीन की नियुक्ति की मांग की। संगठन का कहना है कि विश्वविद्यालय के अंतर्गत महाराजा लॉ कॉलेज, आरा, जननायक कर्पूरी ठाकुर विधि महाविद्यालय, बक्सर तथा रोहतास विधि महाविद्यालय, सासाराम संचालित हैं, लेकिन अब तक लॉ संकाय के लिए डीन की नियुक्ति नहीं की गई है। आइसा ने तीनों विधि महाविद्यालयों के बेहतर शैक्षणिक संचालन और समन्वय के लिए शीघ्र डीन ऑफ लॉ की नियुक्ति करने की मांग की है।

Join us on: