रिपोर्ट – शाहिद रजा!
सीतामढ़ी जिले के रिगा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक सीएसपी संचालक को निशाना बनाते हुए पिस्टल के बल पर ₹1.70 लाख की लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। घटना रिगा के अनहाड़ी स्थित सेंट्रल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) की है, जहां अपाचे सवार तीन अपराधियों ने पूरी योजना के साथ लूट की घटना को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी।
जानकारी के अनुसार, सीएसपी संचालक राजेश्वर ठाकुर अपनी दुकान में बैठे हुए थे। इसी दौरान एक अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। तीनों सीधे दुकान के अंदर घुसे और सबसे पहले शटर गिराकर बाहर से किसी के आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया। इसके बाद अपराधियों ने पिस्टल तानकर संचालक को धमकाया और गल्ले में रखी नकदी के साथ उनकी जेब में मौजूद पैसे भी छीन लिए। कुल मिलाकर करीब ₹1.70 लाख लेकर तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रिगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि अपराधियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। मामले पर डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने एक बार फिर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




