रिपोर्ट:- संतोष चौहान, सुपौल
सुपौल :- सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद सुपौल के कृष्णापुरी वार्ड नंबर-4 में मंगलवार को कथित मानव तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने एक आवास से एक नाबालिग बच्ची को बरामद किया, जो कथित तौर पर पिछले एक वर्ष से कमरे में बंद रखी गई थी। बच्ची के शरीर पर कई गहरे चोट के निशान मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस ने बच्ची को अपने पास रखने वाली एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीड़ित बच्ची के पिता पिपरा थाना क्षेत्र के कौशलीपट्टी गांव के वार्ड संख्या-07 निवासी मनीष कुमार ने बताया कि 13 जुलाई 2025 को उनकी पत्नी दोनों बेटियों के साथ अचानक लापता हो गई थी। इस संबंध में उन्होंने स्थानीय थाना में आवेदन भी दिया था, लेकिन उनके अनुसार आज तक मामला दर्ज नहीं किया गया।
मनीष कुमार ने बताया कि दो दिन पहले उनकी बड़ी बेटी का अचानक फोन आया। उसने बताया कि उसे अगवा कर रखा गया था और वह किसी तरह वहां से भागने में सफल हुई है। सूचना मिलने के बाद परिजनों ने उसे बीएसएस कॉलेज के निकट से सुरक्षित घर पहुंचाया। इसके बाद बड़ी बेटी की निशानदेही पर मंगलवार को कृष्णापुरी स्थित एक मकान में पहुंचने पर छोटी बेटी कमरे में बंद मिली।
बरामद बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसे लगभग एक वर्ष पहले उसकी मां और बड़ी बहन के साथ यहां लाया गया था। बच्ची का आरोप है कि कुछ दिनों बाद उसकी मां को कहीं “बेच दिया गया”, जबकि उसे इसी मकान में बंद कर रखा गया था। बच्ची के इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। उसके शरीर पर मिले चोट के निशानों को भी जांच का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।
घटनास्थल पर मौजूद महिला ने पुलिस को बताया कि बच्ची की मां के भाग जाने के बाद से वह उसे अपने पास रखे हुए थी। हालांकि पूछताछ के दौरान उसके बयान में विरोधाभास दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाना ले गई।
थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि महिला को हिरासत में लिया गया है। दोनों बच्चियों का विस्तृत बयान दर्ज किया जाएगा। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाएगी। साथ ही बच्चियों के आरोपों के आधार पर मानव तस्करी सहित अन्य संभावित धाराओं में भी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। यदि बच्चियों के आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह जिले में मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। पुलिस अभी पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है।




