रिपोर्ट-विक्रम कुमार/खगड़िया
खगड़िया, दिनांक 27 जून 2026
जिलाधिकारी, खगड़िया श्री विक्रम वीरकर द्वारा आज खगड़िया अनुमंडल अंतर्गत खगड़िया, मानसी एवं चौथम प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में संचालित विभिन्न प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों, अभिलेखों के संधारण, जन शिकायतों के निष्पादन, राजस्व संबंधी मामलों, लोक सेवाओं के समयबद्ध निष्पादन तथा कार्यालय की साफ-सफाई एवं कार्य संस्कृति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि आमजन से जुड़े सभी मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, कार्यालय अभिलेखों को अद्यतन रखने, आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह कार्यशैली अपनाने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यालय परिसर में स्वच्छता, अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा आगामी 1 जुलाई 2026 से संचालित होने वाले नए डिग्री कॉलेजों की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं, संसाधनों एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित तिथि से महाविद्यालयों का संचालन सुचारु रूप से प्रारंभ हो सके। उल्लेखनीय है कि प्रखंड मानसी एवं प्रखंड चौथम में भी 1 जुलाई 2026 से नए डिग्री कॉलेजों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने प्रखंड मानसी एवं प्रखंड खगड़िया में निर्माणाधीन नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश देते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता सुश्री आरती, अनुमंडल पदाधिकारी, खगड़िया श्री धनंजय कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री विवेक सुगंध सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।



