पश्चिम बंगाल के कैबिनेट मंत्री अर्जुन सिंह का भोजपुर में भव्य स्वागत, पैतृक गांव पहुंचने पर हुआ जोरदार अभिनंदन!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय!

एंकर (भोजपुर)। पश्चिम बंगाल सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं नोआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अर्जुन सिंह का शुक्रवार को बिहार के भोजपुर जिले में भव्य स्वागत किया गया। मंत्री के जिले की सीमा कोईलवर में प्रवेश करते ही समर्थकों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, भाजपा कार्यकर्ता एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कोईलवर से स्वागत जुलूस के रूप में मंत्री अर्जुन सिंह जिला मुख्यालय आरा स्थित होटल ग्रांड पहुंचे, जहां उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह में उन्होंने भाग लिया। समारोह में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उनका स्वागत करते हुए अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट किया।
बताया जाता है कि मंत्री अर्जुन सिंह का पैतृक गांव भोजपुर जिले का केवटिया है। अपने गृह जनपद पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अभिनंदन समारोह का आयोजन उनके भतीजे एवं भाजपा नेता जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की थीं। समारोह में उपस्थित लोगों ने मंत्री अर्जुन सिंह के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मंत्री अर्जुन सिंह ने स्वागत के लिए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने पैतृक जिले और यहां के लोगों से उनका भावनात्मक रिश्ता है तथा उन्हें हमेशा भोजपुर आने पर अपनेपन का एहसास होता है। उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों पर भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यवसायी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह पूरे समय उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

बाईट/अर्जुन सिंह (मंत्री)
बाईट/ जितेंद्र सिंह (भाजपा नेता)

Join us on: