रिपोर्ट – बिक्रम कुमार!
खगड़िया के मड़ैया थाना क्षेत्र में ताजिया जुलूस के दौरान बवाल, पुलिस वाहन व निजी स्कूल पर पथराव
खगड़िया। खगड़िया जिले के मड़ैया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान डीजे बजाने को लेकर विवाद में उग्र भीड़ ने पुलिस वाहन पर पथराव कर उसके शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। वहीं पास स्थित एक निजी स्कूल पर भी पथराव किए जाने की सूचना है। घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी डीएसपी सहित जिले के कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और मड़ैया थाना में कैंप कर स्थिति की निगरानी शुरू कर दी। एहतियातन पूरे क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ताजिया जुलूस पिपरा लतीफ चौक के समीप पहुंचने के बाद डीजे बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें पुलिस का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं एक निजी स्कूल पर भी पथराव की घटना सामने आई है। हालांकि स्कूल को हुए नुकसान की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुरुवार की शाम एक डीजे को पुलिस ने जब्त किया था। शुक्रवार सुबह आवश्यक बॉन्ड भरवाने के बाद उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद ताजिया जुलूस पिपरा लतीफ चौक के समीप पहुंचने पर डीजे बजाने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ, जिसने बाद में तनाव का रूप ले लिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया। प्रशासन के अनुसार ताजिया जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है और सभी लोग अपने-अपने घर लौट चुके हैं। क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्त जारी है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पथराव में शामिल लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
मामले को लेकर साइबर डीएसपी निशांत गौरव ने बताया मड़ैया थाना क्षेत्र के आलम बाजार में कुछ लोग डीजे बजाने को लेकर मोहर्रम पर्व को लेकर अड़े हुए थे। डीजे को पुलिस के द्वारा पकड़ा गया था जिसे बाद में इस शर्त पर छोड़ दिया गया कि वह मोहर्रम के दौरान डीजे का प्रयोग नहीं करेंगे। इस दौरान कुछ उग्र लोगों ने रोड़ेवाजी कर दिया, जिससे पुलिस वाहन मामूली क्षतिग्रस्त हुआ है। हमले में शामिल लोगों को चिन्हित कर लिया गया है और शांति समिति में जो जनप्रतिनिधि थे और जिनको लाइसेंस मिला हुआ है सभी को बुलाया गया है ताकि शाम में जुलूस शांतिपूर्ण संपन्न हो सके । इस हमले में कोई भी सांप्रदायिक एंगल नहीं है सिर्फ डीजे बजाने को लेकर है।




