रिपोर्ट – कुमार हर्ष!
जमुई ब्रेकिंग
जमुई जिले के झाझा में मोहर्रम जुलूस के दौरान पथराव और मारपीट,कई लोग घायल,पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
खबर जमुई जिले से है जहां झाझा थाना क्षेत्र के गांधी चौक के समीप शुक्रवार की रात्रि मोहर्रम जुलूस के दौरान पुरानी बाजार और गोंगाकुरा गांव के जुलूस आमने-सामने आ जाने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई और दोनों ओर से जमकर पथराव होने लगा। घटना के दौरान कई वाहनों के शीशे टूट गए तथा इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना में कई लोग घायल हुए हैं।घटना के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को इलाज के लिए झाझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि एक अन्य घायल का इलाज एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। अस्पताल में भर्ती घायलों की पहचान पुरानी बाजार निवासी असलम अंसारी, राजू अंसारी, छोटू अंसारी, सदाम, सलमान तथा सबाज हुसैन के रूप में हुई है। वहीं निजी क्लीनिक में भर्ती घायल की पहचान नाजिश आलम के रूप में की गई है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक कुमार राज ने असलम की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया।अस्पताल में भर्ती असलम अंसारी ने आरोप लगाया कि पुरानी बाजार से झांकी निकल रही थी, तभी गौगाकुरा की झांकी वहां पहुंच गई और दूसरी ओर से पथराव शुरू कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मेराज, सरफराज सहित अन्य लोगों ने मारपीट की।
इधर घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राजेश कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके स्थल पर पहुंचे और पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।कई थानों की पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने तथा लोगों को समझाने में जुट गई। इलाके में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।




