मोतिहारी में भीषण सड़क हादसा: पिकअप-ऑटो की टक्कर में चार की मौत, चार जख़्मी!

SHARE:

रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!

सुगौली में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें पिकअप और टेंपू के बीच जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई है।, जबकि चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुगौली थाना क्षेत्र के छपवा-बेतिया रोड स्थित नायकाटोला के पास की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक टेंपू सवारियों को लेकर जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपू के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार गूंज उठी और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना सुगौली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सुगौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल रेफर किए जाने की संभावना है।

पुलिस ने बताया की मृतकों की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। वहीं, घायल यात्रियों की संख्या चार बताई जा रही है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हो सकते हैं।

प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Join us on: