मधेपुरा- बेटी के लव अफेयर का विरोध करने पर पिता की गोली मारकर हत्या, 3 गिरफ्तार।

SHARE:

रिपोर्ट- राजीव रंजन!

मधेपुरा के चौसा थाना क्षेत्र के लौआलगान में कैलाश राय हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार हत्या की वजह मृतक की अविवाहित बेटी और मुख्य आरोपी राकेश कुमार उर्फ रकवा के बीच प्रेम संबंध था। मृतक और उसके परिजन इस रिश्ते का विरोध करते थे। इसी विरोध के कारण कैलाश राय को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई और उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मंगलवार को प्रेस वार्ता में ऊदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि 20 जून की रात चौसा थाना क्षेत्र के लौआलगान पूर्वी स्थित गौशाला रोड पर मचान पर सो रहे कैलाश राय की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक की पत्नी भदरी देवी उर्फ प्रमिला देवी के फर्दबयान पर चौसा थाना में केस कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर चौसा गौशाला चौक निवासी मुख्य आरोपी राकेश कुमार उर्फ रकवा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए घटना में शामिल अन्य आरोपियों के नाम बताए। इसके बाद उसकी निशानदेही पर गौशाला चौक इंदल मंडल और लौआलगान निवासी संजीव कुमार उर्फ राजीव कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि हत्याकांड में अन्य अपराधियों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। मृतक कैलाश राय को छह बेटे और एक बेटी हैं। इनमें तीन बेटों की शादी हो चुकी है, जबकि तीन बेटे और बेटी अविवाहित हैं। घटना के समय कैलाश राय बासा पर बने मचान पर सो रहे थे, जबकि घर में उनकी पत्नी, बेटा लक्ष्मण राय और बेटी मौजूद थे। एसडीपीओ ने बताया कि मुख्य आरोपी राकेश कुमार उर्फ रकवा के विरुद्ध पहले से हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। छापेमारी टीम में चौसा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान, डीआईयू टीम, एसटीएफ तथा चौसा थाना पुलिस शामिल थे!
मधेपुरा से शंखनाद के लिये राजीव रंजन की रिपोर्ट!

Join us on: