आरा/आशुतोष पाण्डेय
भोजपुर, 23 जून। जिला पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ), भोजपुर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएमएफ मद से चयनित योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, जीविका एवं कल्याण से जुड़ी पूर्व स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, बुडको को संदेश एवं बड़हरा प्रखंड के बालू खनन प्रभावित क्षेत्रों में मुक्तिधाम निर्माण के लिए विस्तृत प्राक्कलन शीघ्र तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग को बालू खनन प्रभावित क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से रंबल स्ट्रिप, चेतावनी संकेतक, परावर्तक सुरक्षा उपकरणों समेत अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपायों के अधिष्ठापन के लिए विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने बैठक में यह भी निर्देश दिया कि जिन योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उनका उपयोगिता प्रमाण-पत्र (यूसी) निर्धारित समयावधि के भीतर समर्पित किया जाए, ताकि योजनाओं की प्रगति और वित्तीय अनुश्रवण समय पर सुनिश्चित हो सके।
बैठक में खनिज विकास पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में चाहरदीवारी निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों के जीर्णोद्धार तथा चिन्हित स्थलों पर हाई मास्ट लाइटों की स्थापना का कार्य कराया गया है। इन कार्यों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने के साथ-साथ विधि-व्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं उच्च विद्यालयों को मॉडल स्कूल की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इसके तहत डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे छात्र-छात्राओं के अधिगम परिणामों में सकारात्मक सुधार देखने को मिला है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, निदेशक डीआरडीए, वन प्रमंडल पदाधिकारी के प्रतिनिधि, सिविल सर्जन, जिला लेखा पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, खनिज विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




