रिपोर्ट – अमित कुमार!
बिहार विधानसभा परिसर में विधायकों, अधिकारियों और कर्मचारियों की शिकायतों के निपटारे के लिए अब एक नई व्यवस्था शुरू हो गई है। विधानसभा के उपभवन में विशेषाधिकार न्यायालय का शुभारंभ किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने इसका उद्घाटन किया। इस न्यायालय में विधानसभा के विशेषाधिकारों के हनन से जुड़े मामलों की सुनवाई होगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
बिहार विधानसभा के उपभवन में बने इस विशेषाधिकार न्यायालय का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया। मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, विधान परिषद के सभापति तारकिशोर प्रसाद समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बताया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद-194 के तहत विधानसभा और उसके सदस्यों को कुछ विशेषाधिकार प्राप्त हैं। अगर किसी विधायक, अधिकारी या कर्मचारी के विशेषाधिकारों का हनन होता है तो उसकी शिकायत इसी न्यायालय में सुनी जाएगी।
उन्होंने साफ किया कि विधानसभा सत्र चल रहा हो या न चल रहा हो, ऐसे हर मामले की पूरी जांच के बाद सुनवाई होगी। जांच में दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस व्यवस्था से सदन की गरिमा और सदस्यों के अधिकारों की रक्षा होगी।



