भोजपुर- कुएं से युवक का शव बरामद, छह दिन से था लापता, मचा हाहाकार!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय

आरा, 22 जून। भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के केवटिया गांव में सोमवार को छह दिन से लापता युवक का शव गांव के एक कुएं से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान केवटिया गांव निवासी अखिलेश यादव (35 वर्ष), पिता सोहराई यादव के रूप में की गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार अखिलेश यादव छह दिन पहले घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तब परिजनों ने कृष्णगढ़ थाना में आवेदन देकर उन्हें सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई थी। इसी बीच सोमवार को गांव के केवटिया कुआं से एक शव मिलने की सूचना पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। बाद में शव की पहचान लापता युवक अखिलेश यादव के रूप में हुई।
शव मिलने की खबर सुनते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
कृष्णगढ़ थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Join us on: