एनकाउंटर पर गरमाई सियासत: भरत तिवारी को न्याय दिलाने पहुंचे अश्विनी चौबे व पप्पू यादव!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

स्लग/बिलौटी कांड पर गरमाई सियासत: भरत तिवारी को न्याय दिलाने पहुंचे दिग्गज नेता, निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

एंकर/20 जून। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में कथित पुलिस मुठभेड़ के नाम पर भरत तिवारी की हत्या के मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बड़ा रूप ले लिया है। शनिवार को भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, राजकुमार सिंह तथा पूर्णिया के सांसद राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव बिलौटी पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की।
मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण कर दिया था, तो फिर उसे गोली क्यों मारी गई? नेताओं ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
नेताओं ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की मौत का मामला नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था, पुलिसिया कार्यशैली और न्याय व्यवस्था पर उठते गंभीर सवालों का विषय है। उन्होंने मांग की कि घटना में शामिल सभी पुलिसकर्मियों की भूमिका की बारीकी से जांच की जाए और जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
मीडिया से बातचीत में नेताओं ने भरत तिवारी को क्षेत्र का लोकप्रिय चेहरा बताते हुए कहा कि वह सभी वर्गों के लिए एक आइकॉन था और उसके साथ हुई घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी और इस मामले को दबने नहीं दिया जाएगा।
बिलौटी गांव में नेताओं के पहुंचने के बाद माहौल भावुक और आक्रोशपूर्ण दिखा। बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक भी मौके पर मौजूद रहे। नेताओं ने परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में वे उनके साथ मजबूती से खड़े हैं और भरत तिवारी की मौत के मामले में सच सामने आने तक आवाज उठाते रहेंगे।

Join us on: