रिपोर्ट – संतोष तिवारी
मुजफ्फरपुर
कहा -कांटी क्षेत्र के किसानों का सम्मान ही मेरा है सम्मान
कांटी क्षेत्र के किसानों के खेतों में हरियाली एवं चेहरे पर खुशहाली लाना हमारी पहली प्राथमिकता में है। किसानों का सम्मान ही मेरा सम्मान है। उक्त बातें शनिवार को स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने शारदीय खरीफ महाअभियान के मौके पर कांटी प्रखंड मुख्यालय पर कृषि विभाग के द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा। उन्होंने इस कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए विधायक अजीत कुमार ने कहा कि कम पानी व कम समय में बीज से खेती हो यह सुनिश्चित करवाने में लगे हुए हैं। उन्होंने इस मौके पर क्षेत्र के कई किसानों को धान की बीज का भी वितरण किया। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता है और किसानों को खेती करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो यह सुनिश्चित करना कृषि विभाग के सलाहकार, समन्वयक व सम्बंधित विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारी है। श्री कुमार ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसानों के लिए रोड मैप तैयार कर बड़ी बजट खर्च कर रही है जिससे किसानों को अधिक से अधिक लाभान्वित हो सके। उन्होंने क्षेत्र के किसान सलाहकार, कोऑर्डिनेटर, आत्मा के कर्मियों, कृषि विभाग के अधिकारियों को सख्त लहजों में कहा कि वे किसानों की खेतों में भी जाकर मुआयना करें और उनकी बेहतर ढंग से खेती हो इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने इस कार्यक्रम के मंच से भी आगाज किया कि वे बड़ी जल्द क्षेत्र के किसानों के खेतों में भी कृषि विभाग के अधिकारियों व कर्मियों की टीम के साथ जाकर मुआयना कर सरजमीं पर से अवगत होंगे।
इस मौके पर बीडीओ आनंद कुमार विभूति, सीओ पिंटू कुमार, बीएओ शिवनाथ झा, सरैया केवीके कृषि वैज्ञानिक रामकृष्ण राय, जदयू प्रखंड अध्यक्ष विनोद गुप्ता, जदयू नगर अध्यक्ष सह नगर पार्षद चंदन पांडे, कृषि समन्वय दिलीप कुमार गुप्ता समेत नीरज मिश्रा, महेश चौधरी, पवन कुमार, निगम कुमार , साकेत रमन पांडे, अशोक पासवान, रमेश कुमार, कैलाश प्रसाद , कृष्ण मोहन ठाकुर समेत कृषि सलाहकार सहित सैकड़ो की संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित थे।



