बेगूसराय- 8 परीक्षा केंद्रों पर 3896 स्टूडेंट्स नीट परीक्षा में होंगे शामिल, परीक्षा केंद्रों के 5 सौ मीटर तक धारा 163 लागू!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित नीट (यूजी)-2026 की पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन बेगूसराय द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा एवं ब्रीफिंग बैठक आयोजित की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि नीट (यूजी) देश की सर्वाधिक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक है। इसकी निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा कदाचार की संभावना को शून्य स्तर पर रखा जाए तथा सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ करें।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 08 परीक्षा केन्द्रों पर पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी, जहां कुल 3,896 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, दंडाधिकारी, पुलिस बल, तकनीकी निगरानी व्यवस्था एवं प्रशासनिक नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रत्येक केन्द्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा उन्हें परीक्षा अवधि के दौरान सतत रूप से केंद्र परिसर में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर 2 मेगापिक्सेल क्षमता वाले हाई-रेजोल्यूशन आईपी आधारित LIVE CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के नियंत्रण कक्ष से भी की जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी केन्द्रों पर मोबाईल जैमर की व्यवस्था की गई है तथा मुख्य प्रवेश द्वार एवं परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया की अनिवार्य वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा संचालन से जुड़े किसी भी कर्मी को मोबाईल फोन अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखने की अनुमति नहीं होगी।

परीक्षार्थियों के लिए जारी दिशा-निर्देशों के संबंध में जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को रंगीन एडमिट कार्ड, 4×6 इंच का पोस्टकार्ड आकार का फोटोग्राफ, एक अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो तथा वैध मूल फोटो पहचान पत्र के साथ परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। किसी भी अभ्यर्थी को पेन, पेंसिल, कैलकुलेटर, घड़ी, बेल्ट, आभूषण अथवा किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केन्द्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। काले रंग का बॉल पेन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा परीक्षा कक्ष में उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा। आधी बांह के साधारण वस्त्र तथा चप्पल अथवा सैंडल पहनकर आने की सलाह दी गई है।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत आवश्यक निषेधात्मक आदेश लागू किए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों के 500 मीटर के दायरे में अनावश्यक भीड़, जमावड़ा एवं संदिग्ध गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान केन्द्रों के आसपास संचालित फोटोकॉपी एवं साइबर कैफे प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित किसी भी सूचना अथवा आपात स्थिति के लिए जिला नियंत्रण कक्ष कारगिल विजय सभा भवन में स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06243-222835 है। परीक्षा के जिला नोडल पदाधिकारी श्री बृज किशोर चौधरी, अपर समाहर्ता को संपूर्ण परीक्षा संचालन की निगरानी का दायित्व सौंपा गया है।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा में कदाचार, प्रश्नपत्र की गोपनीयता भंग करने, अवैध साधनों के प्रयोग अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध “सरकारी परीक्षा (कदाचार निवारण) अधिनियम, 2024” के प्रावधानों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की पवित्रता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए शून्य सहिष्णुता की नीति का अक्षरशः पालन किया जाए।

जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पहुंचें तथा किसी भी अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के समन्वित प्रयास से नीट (यूजी)-2026 पुनर्परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

Join us on: