समस्तीपुर- गैस सिलेंडर लीकेज से लगी भीषण आग, तीन परिवारों के घर और लाखों की संपत्ति का नुकसान!

SHARE:

रिपोर्ट – अरविंद कुमार!

समस्तीपुर/वारिसनगर: वारिसनगर प्रखंड क्षेत्र के छत्नेश्वर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 13 स्थित नवहट्टा गांव में मंगलवार की सुबह गैस सिलेंडर लीकेज होने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन परिवारों के घर सहित घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते ग्रामीणों और अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब नौ बजे एक घर में खाना बनाने के दौरान एचपी गैस सिलेंडर के वाल्व से गैस रिसाव होने लगा। रिसाव के कारण आग सीधे सिलेंडर के वाल्व में पकड़ ली। शुरुआत में परिजनों को स्थिति की गंभीरता का अंदाजा नहीं हो सका, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और खपरैल एवं फूस से बने घर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ गए। घटना में घर में रखा कपड़ा, बर्तन, फर्नीचर, कुर्सी, टेबल, चौकी, बिजली के उपकरण, जेवर-जेवरात, नगद राशि तथा एक मोबाइल फोन समेत दैनिक उपयोग की सभी सामग्री जलकर नष्ट हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वारिसनगर थाना पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया।

इस अगलगी की घटना में रामबली पासवान (पिता- स्व. ननकी पासवान), राजेश पासवान (पिता- रामबली पासवान) एवं मनोज पासवान (पिता- राम विनय पासवान) के घरों को भारी क्षति पहुंची है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से उचित मुआवजा एवं राहत सहायता देने की मांग की है।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

Join us on: