:- रवि शंकर अमित!
- 15 जून को नालंदा के झुनकिया बाबा मंदिर के पास चोरी के आरोप में भीड़ ने किया था युवकों हमला
पटना, 19 जून
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के माननीय मंत्री श्री लखेंद्र पासवान ने पिछले दिनों राजगीर थाना क्षेत्र में चोरी के आरोप में मारे गए दो युवकों के परिजनों को राहत राशि का चेक वितरण किया। इसके अंतर्गत 4 लाख 12 हजार 500 प्रति परिवार के हिसाब से चेक सौंपा। ये दोनों युवक दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर गांव निवासी पिंटू पासवान (24 वर्ष) और श्रवण पासवान (18 वर्ष) नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत झुनकिया बाबा मंदिर के समीप 15 जून को चोरी के आरोप में उग्र भीड़ हाथों चढ़ गये थे। भीड़ के हाथों हुयी बेदम पिटाई से बुरी तरह घायल इन दोनों युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई थी। मामले को एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।
मंत्री ने शुक्रवार को मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए न्याय की प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। भीड़ हिंसा की घटना को कानून व्यवस्था और मानवता के विरुद्ध गंभीर अपराध बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि केवल संदेह के आधार पर किसी व्यक्ति को निशाना बनाना और कानून को अपने हाथ में लेना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने आम लोगों से अपील किया कि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस और प्रशासन को सूचित करें। राज्य सरकार ऐसी घटनाओं के प्रति शून्य सहिष्णुता जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए दोषियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।




