:- रवि शंकर अमित!
- टोयोटा कंपनी के प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन विभाग के माननीय मंत्री श्री दामोदर रावत से की मुलाकात
पटना, 19 जून
राज्य में प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए हाइब्रिड गाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को जापानी वाहन निर्माता कंपनी टोयोटा के प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन मंत्री माननीय दामोदर रावत से मुलाकात की। विश्वेश्वरैया भवन स्थित मंत्री के कक्ष में हुई अहम बैठक में टोयोटा कंपनी के प्रतिनिधियों ने राज्य में हाइब्रिड वाहनों की खरीदारी और उपयोग को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण चर्चा की। कंपनी ने हाइब्रिड वाहनों पर टैक्स छूट, विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं तथा एथेनॉल को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत ने कहा कि आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम करना हमारी प्राथमिकता है। हाइब्रिड वाहन इस दिशा में बेहद महत्वपूर्ण साबित होंगे क्योंकि ये ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण भी कम करते हैं। सरकार हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ई-वाहन, सीएनजी वाहन, हाइब्रिड वाहन और ईवी चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण जैसे कई पहल पहले से चल रहे हैं। टोयोटा कंपनी के सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और राज्य में हाइब्रिड वाहनों को आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक नीतिगत फैसले शीघ्र लिए जाएंगे, ताकि आम नागरिक भी इन वाहनों की ओर आकर्षित हों और हमारा राज्य स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बने।
बैठक में राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, विभाग की उप सचिव अरुणा कुमारी और टोयोटा कंपनी के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।




