पंकज कुमार जहानाबाद
पिता पर अपने पुत्र को जहर खिलाकर जान करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया है पुलिस मामले की जांच की बात कर रही है
जहानाबाद जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित पूर्वी गांधी मैदान मोहल्ले में रहने वाले 20 वर्षीय अंकित कुमार की जहर खाने से मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. युवक की मौत को लेकर परिजनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है.मृतक के मामा मनराज कुमार ने अंकित के पिता मनोज कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि मनोज कुमार ने अपनी दूसरी पत्नी और सौतेले बेटे के साथ मिलकर अंकित को जहर दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई. उन्होंने इसे सुनियोजित हत्या बताया है.मनराज कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी किसी पड़ोसी ने मोबाइल फोन के जरिए दी. उनका आरोप है कि अंकित के पिता ने उन्हें इस घटना की कोई सूचना नहीं दी थी. सूचना मिलने के बाद वे तत्काल जहानाबाद पहुंचे.मामा के अनुसार, जहर देने के बाद अंकित को इलाज के लिए पटना ले जाया गया था. उन्होंने दावा किया कि वहीं से वे अंकित के शव और उसके पिता को लेकर जहानाबाद पहुंचे. इस पूरे घटनाक्रम को लेकर उन्होंने कई सवाल खड़े किए हैं.मनराज कुमार ने आरोप लगाया कि वर्ष 2007 में उनकी बहन की भी आग लगने से मौत हुई थी. उनका कहना है कि उस समय भी उन्हें अपनी बहन की मौत पर संदेह था, लेकिन समाज और बच्चों के भविष्य को देखते हुए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई. अब भांजे की मौत के बाद उन्होंने पुराने मामले को भी उठाया है.जानकारी के अनुसार, पहली पत्नी की मौत के बाद मनोज कुमार ने दूसरी शादी कर ली थी. अंकित अपने पिता, सौतेली मां और सौतेले भाई के साथ पूर्वी गांधी मैदान स्थित घर में रहता था. उसकी एक बहन भी है, जिसकी शादी हो चुकी है. परिवार का पैतृक घर घोसी थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव में है.इस मामले में पुलिस का कहना है कि जहर खाने से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.



