घर में सोते रहे लोग, कीमती सामान लेकर चोर फरार,काफी देर बाद आई पुलिस।

SHARE:

रिपोर्ट – पंकज कुमार

जहानाबाद में पिछले कई दिनों से चोरी के वारदात में लगातार इजाफा हो रहा है जहानाबाद के बेखौफ अपराधियों और चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. ताजा मामला जहानाबाद जिला मुख्यालय का है, जहां नगर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके प्रेमनगर-होरीलगंज मोहल्ले में चोरों ने जन सुराज के जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा के घर को निशाना बनाते हुए एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. चोरों ने घर की खिड़की का ग्रिल तोड़ा और अंदर घुसकर करीब 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों समेत कई कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया.घटना के संबंध में पीड़ित जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि वे रोज की तरह रात में अपने घर के एक कमरे में अपनी पत्नी के साथ सो रहे थे. देर रात करीब दो बजे अचानक घर में किसी चीज के टूटने की आवाज हुई. आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई. जब वे घबराकर अपने कमरे से बाहर निकले, तो देखा कि बगल वाले कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और अंदर चोर मौजूद थे, जो अलमारी खंगाल रहे थे. पीड़ित जिलाध्यक्ष ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत शोर मचाना शुरू किया, जिससे आस-पड़ोस के लोग जाग गए. इसके साथ ही उन्होंने फौरन नगर थाना पुलिस को सूचना दी.पीड़ित का आरोप है कि स्थानीय लोगों के जुटने और पुलिस के मौके पर पहुंचने में करीब आधा से एक घंटे का लंबा वक्त लग गया. पुलिस की इसी सुस्ती और देरी का फायदा उठाकर चोर कमरे की खिड़की के सहारे सारा कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर हो गए. इस वारदात के बाद पीड़ित जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली और रात्रि गश्ती पर तीखे सवाल उठाए हैं. उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि होरीलगंज मोहल्ले में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है. महज दो-तीन दिन पहले ही पड़ोस के एक अन्य घर में भी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था. उस घटना का CCTV फुटेज भी पुलिस को मुहैया कराया गया था, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं.पुलिस की इसी निष्क्रियता का नतीजा है कि चोरों के हौसले सातवें आसमान पर हैं और उन्होंने दोबारा इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे डाला. इधर, वारदात की सूचना के बाद हरकत में आई नगर थाना पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.

Join us on:

और पढ़ें