जनहित की आवाज़ का असर बछराजा नदी के क्षतिग्रस्त स्लुइस गेट मामले में विभाग ने लिया संज्ञान!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

दर्जनों गांवों के किसान हो रहे है प्रभावित

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड क्षेत्र स्थित दामोदरपुर पंचायत अंतर्गत बछराजा नदी पर बने क्षतिग्रस्त एवं ध्वस्त स्लुइस गेट मामले में विभागीय स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के तहत दायर परिवाद के बाद लघु जल संसाधन विभाग, पटना ने मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, मधुबनी को अग्रसारित कर दिया है।

दायर परिवाद मे बताया गया है कि बछराजा नदी पर स्थापित स्लुइस गेट लंबे समय से क्षतिग्रस्त स्थिति में है। इसके कारण दामोदरपुर सहित आसपास के लगभग एक दर्जन गांवों के हजारों किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। खेतों तक समय पर पानी नहीं पहुंचने से किसानों को फसल उत्पादन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा उनकी आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।

उक्त समस्या को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न प्लेट फार्म पर प्रमुखता से प्रकाशित एवं प्रसारित किए जाने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सह आरटीआई कार्यकर्ता त्रिलोक नाथ झा ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए लघु जल संसाधन विभाग, पटना का दरवाजा खटखटाया और बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के तहत औपचारिक परिवाद दायर किया। परिवाद में स्लुइस गेट की जर्जर स्थिति का उल्लेख करते हुए अविलंब मरम्मत कार्य कराकर सिंचाई व्यवस्था को पुनः सुचारु करने की मांग की गई थी।

परिवाद पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने मामले को जिला स्तर पर अग्रसारित कर आवश्यक जांच एवं कार्रवाई का निर्देश दिया है। विभागीय पहल के बाद क्षेत्र के किसानों में उम्मीद जगी है। किसानों आशा जगी है कि जल्द ही स्लुइस गेट की मरम्मत कर सिंचाई व्यवस्था को बहाल किया जाएगा।

इस संबंध में परिवादकर्ता त्रिलोक नाथ झा ने कहा कि यह केवल एक क्षतिग्रस्त स्लुइस गेट का मामला नहीं, बल्कि लगभग 12 गांवों के हजारों किसानों की आजीविका और खेती-किसानी से जुड़ा गंभीर जनहित का विषय है। उन्होंने क्षेत्र के उन जागरूक नागरिकों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने लगातार इस समस्या से अवगत कराया और इसे संबंधित विभाग तक पहुंचाने में सहयोग किया।

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना सामाजिक दायित्व है तथा समस्या के स्थायी समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, क्षेत्रीय किसानों ने भी प्रशासन एवं संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई करते हुए स्लुइस गेट की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आगामी कृषि कार्य प्रभावित न हो और किसानों को समय पर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो सके।

Join us on: