मुंगेर में चला बुलडोजर, डेढ़ किलोमीटर सरकारी नाला कराया अतिक्रमण मुक्त!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार!

मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत दरियापुर-2 पंचायत के मंदिर टोला में शुक्रवार को जिला प्रशासन ने सरकारी जमीन एवं नाले पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे सरकारी नाले को अतिक्रमणमुक्त कराया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक अतिक्रमित घरों एवं अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मंदिर टोला स्थित सरकारी नाले पर वर्षों से स्थानीय लोगों द्वारा मकान एवं अन्य निर्माण कर अवैध कब्जा कर लिया गया था। नाले के अवरुद्ध होने के कारण क्षेत्र में जल निकासी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। बरसात के दिनों में गांव एवं आसपास के इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन जाती थी, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

प्रशासन द्वारा पूर्व में अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। साथ ही सरकारी भूमि की पहचान कर लाल निशान भी लगाया गया था। बावजूद इसके अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर शुक्रवार को प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।
कार्रवाई के दौरान एसडीपीओ अनिल कुमार, अंचल अधिकारी जय प्रकाश, बीडीओ प्रियंका कुमारी, थाना अध्यक्ष राजेश कुमार, अमीन तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमित संरचनाओं को हटाया गया।

एसडीएम राजीव रौशन ने बताया कि सरकारी भूमि एवं जल निकासी व्यवस्था पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगभग डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया है। आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि आम लोगों को जलजमाव जैसी समस्याओं से राहत मिल सके। प्रशासन को उम्मीद है कि नाला खुलने के बाद क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा।

बाइट-राजीव रौशन एसडीएम हवेली खड़गपुर

Join us on: