आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा, 11 जून। भोजपुर पुलिस कार्यालय में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज के द्वारा जनता दरबार का आयोजन कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद, धोखाधड़ी सहित अन्य मामलों से संबंधित अपनी शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
पुलिस अधीक्षक ने सभी परिवादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों की जांच निर्धारित समय सीमा के भीतर कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री राज ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकता है तथा जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निर्भीक होकर पुलिस प्रशासन से संपर्क करने की अपील की।
जनता दरबार में पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारी भी उपस्थित रहे।




