मधुबनी- दो बाइक की आमने सामने टक्कर, एक की मौत, दूसरा बाइक सवार भी गंभीर !

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत गैवीपुर गांव के पास बेनीपट्टी उमगांव मुख्य सड़क पर देर शाम दो बाइकों के बिच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतना जोरदार था की बाइक सबार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के गैवीपुर गांव का शंकर चौधरी के पुत्र मयंक चौधरी, 18 वर्ष के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक रोज की तरह रविवार की शाम में पास स्थित नंदी भौजी चौक के पास से अपने घर से दूध लाने के लिये निकला था। उसे क्या पता था कि घर की चौखट लांघते ही मौत उसका इंतजार कर रहा है। घर से महज 200 से 300 मीटर आगे जैसे ही वह बढ़ा कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। धमाके की आवाज सुनकर जब तक स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, तब तक खून से लथपथ मयंक सड़क पर तड़प रहा था। वहीं दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति भी वहीं गिरा पड़ा था। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए आनन-फानन में मयंक को एम्बुलेंस से बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनो सहित पूरे गांव मे कोहराम सा मच गया। परिजनों के बीच चीख पुकार और विलाप से आस-पास का माहौल बेहद भावुक व मर्माहत करने बाला बन गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगो ने मुआवजे और यातायात व्यवस्था मे कमी को लेकर सड़क को जाम कर दिया। जिससे कुछ देर के लिए बेनीपट्टी उमगांव मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। उधर सूचना मिलते ही बेनीपट्टी थानाध्यक्ष शिवशरण साह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया, जिसके बाद आवागमन फिर से दूबारा बहाल हो सका। सड़क जाम खुलवाने के बाद थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ सीधे मृतक के घर पहुंचे। घर का माहौल इतना गमगीन था कि पुलिसकर्मी भी भावुक हो उठे। पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिये मधुबनी सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया में जैसे ही जुटी वैसे ही बदहवास परिजन पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। हालांकि फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजनों को समझाने बुझाने में लगी हुई है। मृतक दो बहन और एक भाई मे अकेला तथा सबसे छोटा था। मृतक की मां आंगनबाड़ी सेविका है और पिता दिल्ली मे रहते हैं। इस भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतक की मां सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इकलौते चिराग के बुझ जाने से हंसता-खेलता परिवार पल भर में बिपति के पहाड़ तले दब सा गया है। घटना के बाद से पूरे गैवीपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

Join us on: