नेपाल बॉर्डर के पास SSB ने पिकप से लगभग 7 करोड़ की,17 क्विंटल से अधिक गाँजा किया जब्त!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष चौहान!

भारत-नेपाल बॉर्डर के पास 1733.6 किलो गांजा जब्त : सुपौल में SSB के कार्मिकों को कुचलने का प्रयास; वाहन छोड़ तस्कर फरार, 6.93 करोड़ कीमत

सुपौल जिले में भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1733.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई 45वीं वाहिनी एसएसबी वीरपुर की सीमा चौकी सतना द्वारा शुक्रवार देर रात दत्ता टोला क्षेत्र में की गई। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 6 करोड़ 93 लाख 44 हजार रुपये बताई जा रही है।
45वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि तस्कर बड़ी मात्रा में गांजे की खेप को भारत में पहुंचाने की तैयारी में हैं। इसी सूचना के आधार पर एसएसबी द्वारा सीमा क्षेत्र में लगातार सघन निगरानी और अभियान चलाया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात दत्ता टोला क्षेत्र में तैनात एसएसबी टीम ने एक संदिग्ध नेपाली नंबर प्लेट वाले वाहन को रोकने का प्रयास किया। जवानों को देखकर चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और कार्मिकों को कुचलने का प्रयास किया। हालांकि एसएसबी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बोलेरो कैंपर वाहन (को. 1ज 2721) को रोक लिया। लेकिन अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर चालक एवं अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 47 प्लास्टिक के बोरों से कुल 1733.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त वाहन और गांजे को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया गया है।
एसएसबी पूर्णिया रेंज के डीआईजी मधुकर अमिताभ ने शनिवार शाम बताया कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली जा रही है और फरार तस्करों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
मौके पर एसएसबी 45वीं बटालियन वीरपुर के कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा, वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे। एसएसबी ने कहा कि सीमा क्षेत्र में तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Join us on:

और पढ़ें